Sunetra Pawar Next Deputy CM : मुंबई/बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में आकस्मिक निधन ने न केवल उनके परिवार को, बल्कि राज्य की राजनीति को भी गहरे शोक में डुबो दिया है। गुरुवार को बारामती में भारी मन और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घड़ी के बीच अब एनसीपी (अजित गुट) के भविष्य और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने का मन बनाया है।
अजित पवार के निधन के तुरंत बाद पार्टी के दिग्गज नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की। इस मुलाकात को केवल सांत्वना तक सीमित नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि महायुति गठबंधन के भीतर सुनेत्रा पवार को ‘दादा’ की विरासत संभालने के लिए सबसे सशक्त चेहरा माना जा रहा है। वर्तमान में राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लगाने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की जा सकती है।
इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संगठनात्मक ढांचे में भी बड़े फेरबदल के संकेत मिले हैं। खबर है कि अनुभवी नेता प्रफुल्ल पटेल को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस कठिन समय में संगठन को एकजुट रखने के लिए पटेल का अनुभव काम आएगा। इसके साथ ही, बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले संभावित उपचुनाव में भी सुनेत्रा पवार को उतारने की योजना बनाई जा रही है, ताकि अजित पवार के गढ़ को सुरक्षित रखा जा सके।
हादसे की बात करें तो बुधवार को बारामती में लैंडिंग के दौरान अजित पवार का चार्टर्ड विमान अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया था। इस भयानक दुर्घटना में अजित पवार सहित विमान में सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडिंग स्ट्रिप के पास विमान लड़खड़ाया और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गया। इस क्षति ने महाराष्ट्र के महायुति गठबंधन के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है, जिससे निपटने के लिए अब ‘सुनेत्रा कार्ड’ खेलने की तैयारी की जा रही है।











