किश्तवाड़ जम्मू-कश्मीर : गुरुवार दोपहर लगभग 12.30 बजे किश्तवाड़ जिले में मचैल माता मंदिर के मार्ग पर अचानक क्लाउड बर्स्ट हुआ, जिसने भारी तबाही मचाई। इस आपदा में अब तक 45 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो CISF जवान भी शामिल हैं। वहीं, लगभग 70 लोग लापता हैं और 100 से ज्यादा घायल, जिनमें 37 की हालत गंभीर बनी हुई है।
आपदा स्थल मचैल माता मंदिर जाने वाले चशोती गांव के पास है। श्रद्धालु मोटर वाहन से चशोती तक ही पहुंच सकते हैं, उसके बाद 8.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी होती है। हादसे के समय बड़ी संख्या में लोग यात्रा पर मौजूद थे, जिससे नुकसान का पैमाना बढ़ गया।
जिला प्रशासन और पुलिस की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अब तक लगभग 100 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि 200 के करीब लोग अभी भी लापता हैं। घायलों का इलाज किश्तवाड़ जिला अस्पताल और पड्डार उप-जिला अस्पताल में चल रहा है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि राहत और बचाव कार्य अभी जारी हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से भीड़-भाड़ वाले इलाके में सतर्क रहने की अपील की गई है।











