गौरी शंकर गुप्ता/तमनार (रायगढ़)। Tamnar Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तमनार पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम प्रेमनगर उरबा में दबिश देकर घर में अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहे एक आरोपी को 13 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ धरदबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब के साथ-साथ बिक्री के 100 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को तमनार थाने की पुलिस टीम ग्राम कुंजेमुरा और मिलुपारा क्षेत्र में गश्त व पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम प्रेमनगर उरबा निवासी दयालु टोप्पो अपने घर के भीतर भारी मात्रा में महुआ शराब रखकर अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपचंद चन्द्रवंशी के नेतृत्व में स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए पते पर औचक दबिश दी।
घर के पास संदिग्ध अवस्था में मिले व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम दयालु टोप्पो (पिता फिलिप टोप्पो, उम्र 48 वर्ष, निवासी प्रेमनगर उरबा, थाना तमनार) बताया। पुलिस की मौजूदगी में जब घर की तलाशी ली गई, तो वहां से 4 प्लास्टिक बोतलों और एक 5 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक जरिकेन में कुल 13 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2,600 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा मौके से शराब बिक्री से मिले 100 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
तमनार पुलिस ने आरोपी के इस कृत्य पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपचंद चन्द्रवंशी के साथ महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार और रंजित भगत की सराहनीय भूमिका रही।