जशपुर। Nishaanebaz.com – Jashpur Ganja Smuggling Case: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर करीब 3 करोड़ रुपये की जब्ती दर्ज की गई है। यह पूरी कार्रवाई जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत थाना कुनकुरी और थाना नारायणपुर क्षेत्र में अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग वाहनों से कुल 494 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस टीम 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी, तभी तपकरा की ओर से आ रही एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को संदिग्ध मानकर थाना परिसर के सामने रोका गया। वाहन के डाला में सब्जी की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियों की तलाशी लेने पर पीले रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट मिले, जिनमें 246 किलो गांजा भरा हुआ था। मौके से बिहार के रोहतास निवासी अनवर अंसारी (45) और कैमूर निवासी दिनेश कुमार केसरी (26) को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान एक बिना नंबर की सेल्टोस कार तेज गति से गुजरी, जिसका पीछा करने पर चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। कार की जांच करने पर 20 बैगों में 120 पैकेट के भीतर 248 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर मध्य प्रदेश नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (MP-33C-5625) को रोका। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखे गए 17 पैकेटों से करीब 26 किलो गांजा बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी कमल किशोर ओझा (56) और अनिता सोनी (35) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। जशपुर पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य स्रोतों की पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ओडिशा में गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। इस मामले में गांजा सप्लाई करने वालों और प्राप्त करने वाले मुख्य तस्करों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में दोनों थानों की पुलिस टीमों ने इस ऑपरेशन को सफलता पूर्वक अंजाम दिया। मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तत्परता दिखाते हुए कुल चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध व्यापार और तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ पूरी सख्ती से जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।





