निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बार फिर दिनदहाड़े मोबाइल लूट की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
चलती सड़क पर युवती से छीना मोबाइल
यह घटना सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल तिराहा, बिलौंजी बैढ़न मोड़ के पास की है। यहां पैदल जा रही एक युवती के हाथ से बाइक सवार तीन बदमाशों ने अचानक मोबाइल छीन लिया और मौके से भागने लगे। घटना इतनी तेजी से हुई कि युवती संभल भी नहीं पाई।
भागते समय हुआ हादसा, दो आरोपी पकड़े गए
युवती के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया। इसी दौरान तेज रफ्तार में भाग रही बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई, जिससे तीनों आरोपी सड़क पर गिर पड़े।
इस बीच एक आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गया, जबकि दो को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी।
Read More : M.P के पेंशनर्स को बड़ी राहत! अब एक क्लिक में मिलेगी पेंशन, सेंट्रलाइज्ड सेल करेगा पेंशन निपटारा
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। हादसे में घायल एक आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक को जब्त कर लिया है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
CCTV के बावजूद बढ़ रहे अपराध
लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद अपराधियों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। कई मामलों में जनता खुद ही आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।बढ़ते अपराधों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि शहर में कानून व्यवस्था बहाल की जा सके।











