निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध कोयला भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मोरवा गौरव पांडेय और खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने 10 अप्रैल की देर रात विशेष जांच अभियान चलाया।
40 टन अवैध कोयला बरामद
जांच के दौरान टीम को एनसीएल परियोजना की निगाही खदान के पास रेलवे लाइन से करीब 200 मीटर दूरी पर लगभग 40 टन अवैध रूप से भंडारित कोयला मिला। यह कोयला बिना किसी वैध अनुमति के संग्रहित किया गया था।
डंपर और जेसीबी जब्त, चालक फरार
कार्रवाई के दौरान मौके से एक डंपर और एक जेसीबी लावारिस हालत में बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। टीम को देखते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गए। जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ थाना मोरवा में खड़ा कराया गया है।
वाहन मालिकों की तलाश जारी
प्रशासन अब आरटीओ विभाग के माध्यम से डंपर और जेसीबी के मालिकों की जानकारी जुटा रहा है। संबंधित लोगों की पहचान होते ही उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Read more : M.P News : युवाओं के लिए सुनहरा मौका! M.P पुलिस में निकली भर्ती, 679 पदों पर निकली वैकेंसी
कार्रवाई में शामिल रहे अधिकारी
इस अभियान में खनि निरीक्षक अशोक मिश्रा, खनिज सर्वेयर सौरभ चौरसिया, होमगार्ड सैनिक रामसिंह और बृजेन्द्र पांडेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
खनिज नियमों के तहत होगी कार्रवाई
जब्त कोयला और वाहनों के मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











