Simga News: बलौदाबाजार। सिमगा में शनिवार रात गणेश विसर्जन के दौरान निकली झांकी में पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में रविवार सुबह कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम कर दिया।
घटना के विरोध में सिमगा बंद का भी आह्वान किया गया है। बंद के समर्थन में सुबह से ही नगर के अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। वहीं जय स्तंभ चौक पर धरना-प्रदर्शन जारी है, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने गणेश विसर्जन झांकी के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में भाटापारा एसडीओपी, सिमगा थाना प्रभारी और घटना में शामिल पुलिसकर्मियों का तत्काल निलंबन शामिल है।
Simga News: नेताओं और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम के चलते यातायात प्रभावित है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से मौके पर निगरानी रखी जा रही है। घटना को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।






