Shivpur Charcha Municipality : कोरिया/शिवपुर-चर्चा : कोरिया जिले के नगर पालिका शिवपुर-चर्चा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 9 के रहवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। विकास कार्यों के नाम पर वार्ड की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे अब लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। वार्ड वासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है।
6 महीने से अधूरा पड़ा है काम
वार्ड वासियों का आरोप है कि करीब 6 महीने पहले पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था। इसके लिए मुख्य मार्ग और गलियों को खोदा गया, लेकिन पाइपलाइन डालने के बाद ठेकेदार और नगर पालिका ने सड़क को दुरुस्त करना जरूरी नहीं समझा। खुदाई के बाद मिट्टी और पत्थर सड़कों पर बिखरे हुए हैं, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
घर तक नहीं पहुँच पा रही बाइक
वार्ड के नागरिकों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा, “हालत इतनी खराब है कि हम अपनी बाइक भी घर तक नहीं ले जा पा रहे हैं। एक तरफ गहरी नाली है, जिसके ऊपर ढक्कन नहीं हैं, और दूसरी तरफ सड़क के बीचों-बीच गड्ढे हैं। रात के अंधेरे में इन खुली नालियों में गिरकर दुर्घटना होने का डर बना रहता है।”
अफसरों की चुप्पी से बढ़ा आक्रोश
वार्ड वासियों का दावा है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका के अधिकारियों को मौखिक जानकारी दी गई है, लेकिन आज तक इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। शिकायतों के बावजूद न तो नाली के ढक्कन लगाए गए और न ही सड़क का पैचवर्क किया गया। जिम्मेदारों की इस अनदेखी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रमुख मांगें
-
पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों का तत्काल डामरीकरण या कंक्रीटीकरण किया जाए।
-
खुली नालियों पर ढक्कन (स्लैब) लगाए जाएं ताकि बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित रह सकें।
-
वार्ड में स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए।
वार्ड वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।













