Shekhapur Suicide Case : बुरहानपुर। जिले के खकनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम शेखापुर में एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम से लापता युवक का शव शनिवार सुबह उसके घर के पीछे खेत में लगे एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
शुक्रवार शाम से था लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजय पिता मगन के रूप में हुई है। अजय शुक्रवार शाम को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शनिवार सुबह जब फिर से खोजबीन शुरू की गई, तो घर के पीछे स्थित खेत में जामुन के पेड़ पर अजय का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के भाई एकनाथ ने तत्काल खकनार पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
कारणों का खुलासा नहीं
युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, खकनार पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।











