रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट में एक गर्भवती महिला आरक्षक के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को TA ड्यूटी में थाने में पदस्थ महिला आरक्षक को एक अधेड़ व्यक्ति ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि आरोपी व्यक्ति मंदबुद्धि या नशे की हालत में था।
मामला रफा-दफा करने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद RPF की टीम आनन-फानन में थाने पहुंची, लेकिन इस संवेदनशील मामले को दबाने (रफा-दफा करने) की कोशिश की गई। बताया गया है कि घटना के बाद महिला आरक्षक का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला आरक्षक दोपहर 2 बजे से 10 बजे की शिफ्ट में ड्यूटी पर थी।
दिल्ली तक पहुंचा मामला, सीसीटीवी फुटेज पर सस्पेंस
सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि यह शर्मनाक घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई होगी, लेकिन फुटेज को सामने नहीं आने दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यह खबर रेलवे बोर्ड तक पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार, RPF के दिल्ली स्थित उच्च अधिकारी इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश पर नाराज बताए जा रहे हैं।
पहले भी दबाया गया था मारपीट का मामला
सूत्रों ने बताया कि यह दबाया गया पहला मामला नहीं है। पिछले दिनों रायपुर रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेट पर एक किन्नर ने भी RPF के एक और स्टाफ के साथ मारपीट की थी, लेकिन उस घटना को भी दबा दिया गया था।
हालांकि, RPF के अधिकारियों ने महिला आरक्षक के साथ मारपीट की घटना से इनकार किया है, लेकिन भरोसेमंद सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। सूत्रों का दावा है कि अगर थाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो पूरे मामले की सच्चाई उजागर हो जाएगी।











