Shajapur News : गरीबों का आशियाना छीनने के खिलाफ हुंकार, कलेक्टर दफ्तर पर आजाद समाज पार्टी का जोरदार प्रदर्शन

0
251

Shajapur News : शाजापुर (संवाददाता किशोर नाथ राजगुरु): शाजापुर जिले के शुजालपुर में गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ने की कोशिशों के खिलाफ आज भारी आक्रोश देखने को मिला। शुजालपुर निवासी गोविंद अहिरवार और उनके साथ आए कई पीड़ित परिवार गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (ASP) और भीम आर्मी के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहाँ कार्यकर्ताओं और पीड़ितों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट गेट पर धरने पर बैठ गए।

Shajapur News : पीड़ित गोविंद अहिरवार ने बताया कि वे विगत कई वर्षों से शुजालपुर में झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे हैं। ये परिवार अस्वच्छ धंधे (सफाई कार्य आदि) से जुड़े हुए हैं। पूर्व में इन्हें मकान बनाने के लिए जमीन आवंटित करने की बात कही गई थी, लेकिन अब वर्तमान में शुजालपुर नगर पालिका द्वारा उन्हें वहां से हटाया जा रहा है। बेघर होने के डर से पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

Shajapur News : प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए “नगर पालिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम एक शिकायती ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। उनकी मांग है कि जिन गरीब परिवारों को हटाया जा रहा है, उन्हें तत्काल विस्थापित होने से रोका जाए और शासन की योजनाओं के तहत उन्हें उसी स्थान पर या अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर मालिकाना हक दिया जाए।

Shajapur News : मामले में आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश गोयल ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि “यदि इन गरीब परिवारों का आशियाना छीना गया, तो आजाद समाज पार्टी चुप नहीं बैठेगी। हम शुजालपुर नगर पालिका का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।” गोयल ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि इन जरूरतमंद परिवारों को तत्काल प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का लाभ दिलाया जाए ताकि उनके सिर पर पक्की छत हो सके।

Shajapur News : ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में समाज जन और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन पीड़ितों का कहना है कि जब तक उन्हें ठोस आश्वासन और जमीन का हक नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here