Sehore Thana Mandi : सीहोर/सुनील शर्मा: सीहोर जिले के थाना मंड़ी पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए ग्राम मुस्कुरा में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से करीब 13 लाख रुपये के सोने–चांदी के गहने, नगदी, वाहन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सोनू वर्मा के घर 28–29 जून की रात अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर सोने–चांदी के जेवरात एवं ₹30,000 नकद चोरी कर लिए थे। मामले में अपराध क्रमांक 238/25 अन्तर्गत धारा 305, 331(4) B.N.S. के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
Read More : शाजापुर में बाल मेले के साथ मनाया गया पं. नेहरू का जन्मदिन, छात्र-छात्राओं ने लगाई 20 से अधिक स्टॉल
Sehore Thana Mandi : तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर थाना मंड़ी पुलिस टीम ने हुलखेड़ी–बोडा क्षेत्र में दबिश देकर सभी आरोपियों—
बाबूलाल मोगिया, शालू सिसोदिया, कल्लू सिसोदिया, जितेंद्र सांसी, राजकुमार सांसी और अर्जुन उर्फ कालू—को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि थाना मंड़ी की यह कार्यवाही बेहद सराहनीय है और जल्द ही थाना प्रभारी सुनील मेहर एवं उनकी पूरी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। एसपी ने कहा कि पुलिस टीम ने कुशल तकनीकी विश्लेषण व सूझबूझ से काम करते हुए गैंग को पकड़कर बड़ी उपलब्धि अर्जित की है। थाना मंड़ी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।













