Sehore News :सीहोर /ब्रह्म सिंह मेवाड़ा : कुंवेरश्वर धाम से निकली कांवड़ यात्रा में तेज़ ध्वनि वाले डीजे पर आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यात्रा के दौरान बजने वाले हाई-वॉल्यूम साउंड सिस्टम सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे थे — जिनमें देखा जा सकता है कि डीजे की तेज़ आवाज़ से दुकानों की पानी की बोतलें तक हिल रही थीं, मोबाइल की स्क्रीन तक कांप रही थीं और कई जगहों पर घरों का सामान तक गिर पड़ा।
Sehore News :यात्रा के अगले ही दिन, एक 22 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से मौत की खबर सामने आने के बाद यह मुद्दा और गर्म हो गया। सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों ने डीजे की ध्वनि से उपजे खतरे को लेकर नाराज़गी जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
Sehore News :पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ध्वनि प्रदूषण और यातायात में बाधा के आधार पर 8 डीजे संचालकों पर मामला दर्ज किया है। ये सभी डीजे बिना अनुमति के हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर बड़े-बड़े साउंड सिस्टम लेकर पहुंचे थे। कार्रवाई के तहत पुलिस ने सभी डीजे जब्त कर लिए हैं।
Sehore News :इन डीजे संचालकों में मध्यप्रदेश के अलावा उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के वाहन भी शामिल हैं। कोतवाली पुलिस ने मप्र कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Sehore News : यह कांवड़ यात्रा प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की अगुवाई में निकाली गई थी, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। लेकिन आस्था के इस आयोजन में तेज़ आवाज़ और शोरगुल ने श्रद्धा की भावना को बाधित कर दिया।













