Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh M.P News : सिंगरौली में कांग्रेस नेता के घर हमला, प्रदेश प्रवक्ता...

M.P News : सिंगरौली में कांग्रेस नेता के घर हमला, प्रदेश प्रवक्ता भास्कर मिश्रा के आवास पर देर रात तोड़फोड़

सिंगरौली :  जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता भास्कर मिश्रा के घर पर अराजक तत्वों ने हमला कर दिया। इस घटना में भास्कर मिश्रा सहित उनके मित्र कमलेश सोनी और मनीष सोनी घायल हो गए, जबकि घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे भय के साये में आ गए।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, घर में घुसकर किया उत्पात

पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर बाउंड्री गेट तोड़कर घर में घुस गए। इस दौरान स्कूटी, बच्चे की साइकिल को नुकसान पहुंचाया गया और कमरे का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया गया। हमले के दौरान पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रास्ते के विवाद से जुड़ा मामला, एफआईआर दर्ज

इस संबंध में कमलेश सोनी की शिकायत पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 14 जनवरी 2026 की शाम करीब 8 बजे कलेक्टर बंगले के पास रास्ते को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी विवाद में शामिल सत्यम सिंह और उसके साथी बाद में भास्कर मिश्रा के घर पहुंचे और हमला कर दिया।

महिलाओं से धक्का-मुक्की, जान से मारने की धमकी

एफआईआर के अनुसार, सत्यम सिंह अपने दो साथियों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से आया और चप्पल व हाथ-मुक्कों से हमला किया। बीच-बचाव करने पर भास्कर मिश्रा को भी पीटा गया, जिससे उनके कान, गाल और आंख के नीचे चोटें आई हैं। उनकी पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। पुलिस को सूचना मिलने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

Read More : कटनी : पारिवारिक विवाद में चली गोली, युवक की कमर में फंसी बुलेट, हालत नाजुक

समर्थकों में आक्रोश, कानून व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने इसे कानून व्यवस्था की विफलता बताया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here