रीवा – छात्रों को डिजिटल शिक्षा देने के लिए सरकारी स्कूलों में लगाई गई स्मार्ट टीवी का दुरुपयोग होने का एक गंभीर मामला सामने आया है। रीवा जिले के एक शासकीय हाई स्कूल में छात्र पढ़ाई के बजाय स्मार्ट टीवी पर ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ खेलते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह मामला रीवा जिले की त्योंथर तहसील स्थित चंद्रपुर शासकीय हाई स्कूल का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कक्षा के समय एक छात्र क्लासरूम में लगी स्मार्ट टीवी पर ऑनलाइन गेम खेल रहा है। इस दौरान कक्षा में किसी शिक्षक या जिम्मेदार अधिकारी की निगरानी का कोई संकेत नहीं मिला।
सरकार ने ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के तहत बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से स्कूलों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल बोर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। लेकिन चंद्रपुर हाई स्कूल में इस सुविधा का ऐसा दुरुपयोग हो रहा है, जो पूरी शिक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाता है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
वीडियो के सामने आने के बाद, जिला शिक्षा अधिकारी ने इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि वीडियो की जानकारी मिली है और जिम्मेदार अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा, “वीडियो संज्ञान में आया है। जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जांच रिपोर्ट सौंपें और यह सुनिश्चित करें कि इन संसाधनों का सही उपयोग हो।” उन्होंने यह भी बताया कि सभी स्कूलों को निर्देशित किया जाएगा कि छात्र स्मार्ट टीवी का उपयोग केवल पढ़ाई के लिए करें।
यह घटना दर्शाती है कि स्कूलों में डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सही उपयोग, निगरानी और शिक्षकों के प्रशिक्षण पर ध्यान देना कितना आवश्यक है। यदि ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो ये सुविधाएं केवल सरकारी धन की बर्बादी बनकर रह जाएंगी।











