Wednesday, October 7, 2026
Home Lifestyle Recipe: दिन की शुरुआत करें प्रोटीन वाले सोया-पनीर चीला से, टेस्टी भी...

Recipe: दिन की शुरुआत करें प्रोटीन वाले सोया-पनीर चीला से, टेस्टी भी और बनाने में भी क्विक

Recipe: सुबह के नाश्ते में अगर ऐसा कुछ मिल जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट को लंबे समय तक भरा रखे, तो दिन की शुरुआत और बेहतर हो सकती है। सोया पनीर चीला इसी तरह का एक आसान विकल्प है। इसमें सोया चंक्स, बेसन और पनीर का इस्तेमाल होता है, इसलिए यह प्रोटीन वाला नाश्ता बन जाता है। इसमें सब्जियां और मसाले डालने से इसका स्वाद भी बढ़ जाता है।

सोया पनीर चीला बनाने के लिए सामग्री

इसके लिए 50 ग्राम सोया चंक्स, आधा कप बेसन और करीब 50 ग्राम लो-फैट पनीर लें। स्वाद के लिए बारीक कटा प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और हरी मिर्च डालें। इसके अलावा एक छोटी चम्मच जीरा, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और चाट मसाला रखें।

चीला सेंकने के लिए थोड़ा तेल या चिली-गार्लिक ऑयल लिया जा सकता है। ऊपर से डालने के लिए थोड़ा चीज और सर्व करने के लिए दही-अखरोट की डिप रख सकते हैं।

सबसे पहले तैयार करें सोया और सब्जियों का मिश्रण

सोया चंक्स को पहले गर्म पानी में भिगोकर या उबालकर नरम कर लें। इसके बाद अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ दें। अब इसमें प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और हरी मिर्च डालें। नमक, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और चाट मसाला मिलाकर इस मिश्रण को अच्छी तरह तैयार कर लें।

ऐसे बनाएं चीले का बैटर

अब एक बड़े बाउल में बेसन लें और इसमें तैयार सोया-वेजी मिक्स डाल दें। इसके साथ कद्दूकस किया हुआ पनीर मिलाएं। धीरे-धीरे पानी डालते हुए ऐसा घोल तैयार करें जो न बहुत पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा। बैटर को कुछ मिनट के लिए रख देने से बेसन अच्छी तरह सेट हो जाता है।

तवे पर ऐसे सेंकें सोया पनीर चीला

तवा गर्म करके उस पर हल्का तेल लगाएं। अब बैटर का एक हिस्सा डालकर चम्मच की मदद से गोल आकार में फैला दें। चीले को मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक नीचे की सतह सुनहरी न हो जाए। फिर सावधानी से पलटकर दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंक लें।

इसे गर्मागर्म दही और डिप के साथ परोस सकते हैं। इस तरह कम समय में ऐसा नाश्ता तैयार हो जाएगा, जिसमें स्वाद के साथ प्रोटीन और सब्जियों का भी अच्छा कॉम्बिनेशन मिलेगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here