Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Ratlam Jewellery Shop Theft: रतलाम के सैलाना में सनसनीखेज वारदात: मुख्य बाजार...

Ratlam Jewellery Shop Theft: रतलाम के सैलाना में सनसनीखेज वारदात: मुख्य बाजार में शत्रुंजय ज्वेलर्स के ताले तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर पार

Ratlam Jewellery Shop Theft: रतलाम (सैलाना)। रतलाम जिले के सैलाना नगर से एक सनसनीखेज और बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। यहाँ के सबसे व्यस्त और मुख्य बाजार (सदर बाजार) में स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात शातिर चोरों ने लाखों रुपए के सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात बीती रात करीब तीन बजे के आसपास घटित हुई। व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र और धार्मिक स्थलों के समीप हुई इस बड़ी वारदात के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है, वहीं नगर में सुरक्षा को लेकर पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

पुजारी ने सुबह आधा खुला देखा शटर, तब खुला वारदात का राज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर बाजार में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बड़े जैन मंदिर के बिल्कुल समीप अनिल चंडालिया की ‘शत्रुंजय ज्वेलर्स’ नाम से आभूषणों की दुकान स्थित है। रोज की तरह बीती रात भी संचालक दुकान मंगल कर घर गए थे। घटना का खुलासा आज सुबह उस वक्त हुआ जब प्रतिदिन की तरह बड़ा जैन मंदिर के पुजारी गोपाल बैरागी (निवासी बोदीना) पूजा के लिए वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि शत्रुंजय ज्वेलर्स की दुकान का शटर आधा खुला हुआ है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुजारी ने तत्काल इसकी सूचना दुकान संचालक अनिल चंडालिया को दी।

सामान बिखरा और ताले टूटे देख उड़े होश, करीब 5 किलो चांदी गायब

पुजारी की सूचना पर जब अनिल चंडालिया बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे, तो दुकान का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के मुख्य ताले कटर से कटे हुए पास की गली में फेंके पड़े थे और अंदर रखी अलमारियों व तिजोरी का सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। दुकान संचालक चंडालिया के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, शातिर चोर दुकान के काउंटर और लॉकर से करीब 5 किलोग्राम से अधिक वजनी चांदी के जेवर और लगभग 15 ग्राम सोने के आभूषण समेटकर रफूचक्कर हो गए हैं। चोरी गए माल की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है, जिसका सही मिलान स्टॉक रजिस्टर से किया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अधिकारियों ने किया मुआयना

मुख्य बाजार में इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर (SI) शंकरसिंह शक्तावत और आरक्षक तूफान भूरिया पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) सुश्री नीलम बघेल भी घटनास्थल पर पहुंचीं और बारीकी से मुआयना कर पीड़ित व्यापारी से चर्चा की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात का सुराग लगाने के लिए पुलिस की टीमें जैन मंदिर, एसबीआई बैंक और आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here