Rajnandgaon News: राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि शराब के साथ पकड़े गए एक युवक ने पुलिसकर्मियों के सामने कपड़े उतार दिए और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान मौके पर पहुंची कुछ महिलाओं ने भी पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। एक महिला पर पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक और महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब पकड़ने पहुंची पुलिस, बिगड़ गया मामला
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात डोंगरगढ़ थाना पुलिस को मोचीपारा इलाके में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एक युवक को शराब की बोतल के साथ पकड़ा।
आरोप है कि कार्रवाई के दौरान युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। उसने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए अपने कपड़े उतार दिए। इस घटनाक्रम के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
महिलाओं ने की धक्का-मुक्की, थप्पड़ मारने का आरोप
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद कई महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। वायरल वीडियो में महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच बहस होती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि इस दौरान कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और एक महिला ने जवान को थप्पड़ मार दिया।
वहीं, एक अन्य महिला पर शराब की बोतलें उठाकर मौके से भागने की कोशिश करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
FIR दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी
Rajnandgaon News: डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरीनंदन नायक के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

