रायपुर : राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्र की मौत से हड़कंप मच गया है। यूनिवर्सिटी की चौथी मंजिल से गिरने के बाद नाइजीरियन मूल के छात्र सैम की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला छात्रा से विवाद और डर के चलते गिरने से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
छात्रा ने लगाए थे बदसलूकी के आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विदेशी मूल की एक छात्रा ने सैम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसके बाद छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड को यूनिवर्सिटी परिसर में बुला लिया। अन्य लड़कों की मौजूदगी देखकर सैम घबरा गया और अपने फ्लैट की ओर ऊपर की मंजिलों में भागने लगा।
Read More : C.G News : धान खरीदी अव्यवस्था पर भड़के पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, तहसील के सामने धरना
चौथी मंजिल से गिरा छात्र
भागने के दौरान सैम चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रत्यक्षदर्शी ने सैम को धक्का देते या उसके साथ मारपीट करते नहीं देखा है। गिरने से सैम को शरीर में गंभीर चोटें आई थीं।
इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद सैम को पहले सद्भावना अस्पताल, फिर बालको अस्पताल और अंत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक छात्र सैम लाइबिरिया का निवासी था और निजी यूनिवर्सिटी में एमबीए सेकेंड ईयर का छात्र था।
दो संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने साउथ सूडान निवासी नोई कोंडेट और उसकी गर्लफ्रेंड फेथ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों डर के कारण भिलाई थाने पहुंचे थे।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह ऊंचाई से गिरना सामने आई है। हालांकि, यह हादसा था या किसी तरह की आपराधिक घटना, इस पर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।











