रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फ्लिपकार्ट-कोरियर कंपनी के 6 कर्मचारी गिरफ्तार….जानें मामला

Parivesh

रायपुर। रायपुर पुलिस : राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज खुलासा सामने आया है, जिसने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और कोरियर सेवाओं की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पेट्रोल पंप मैनेजर की निर्मम हत्या के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों ने जो कबूलनामा किया, उससे पुलिस भी चौंक गई। दोनों बदमाशों ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया घातक चाकू उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगवाया था।

रायपुर पुलिस : इस चौंकाने वाली जानकारी के बाद रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट और उससे जुड़ी कोरियर एजेंसी इलास्टिक रन के 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 2 मैनेजर, 1 सुपरवाइजर और 3 डिलीवरी बॉय शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि घातक हथियारों की ऑनलाइन बिक्री और गैर-जिम्मेदार डिलीवरी व्यवस्था के कारण अपराधियों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हो रही है।

हत्या के पीछे जिन दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम कुणाल तिवारी उर्फ लालू और समीर टंडन हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने चाकू को ऑनलाइन मंगवाकर हत्या को अंजाम दिया। यह घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है, जहां कुछ दिन पहले पेट्रोल पंप के मैनेजर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई थी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उनके नाम हैं – गुलरेज अली, मोहित कुमार, अभिजीत गोस्वामी, दिनेश कुमार, हरिशंकर साहू और आलोक साहू। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(बी), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी कर्मचारियों की संलिप्तता हो सकती है और जांच के बाद आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म बिना किसी जांच के हथियार जैसे सामानों की डिलीवरी कैसे कर रहे हैं? पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस प्रकार के ऑर्डरों पर निगरानी और सत्यापन की व्यवस्था नहीं होने से आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिल रहा है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *