रायपुर। Raipur News : वीआईपी रोड में लगातार हो रहे सड़क हादसों और एयरपोर्ट मार्ग में जाम की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने नया फैसला लिया है। 22 सितंबर 2025 से वीआईपी रोड के मध्य मार्ग को वन-वे किया जाएगा। यह कदम माना एवं तेलीबांधा पुलिस थाना क्षेत्र में पिछले 20 महीनों में हुई 55 दुर्घटनाओं, जिसमें 16 लोगों की मौत और 59 लोग घायल हुए, के बाद उठाया गया है।
Raipur News : इस निर्णय की घोषणा कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में की गई थी। नगर निगम, परिवहन और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मार्ग का निरीक्षण किया। नए नियम के तहत विमानतल की ओर जाने वाले वाहन अब दोनों ओर की सर्विस रोड का उपयोग कर सकेंगे। नियम तोड़ने पर रांग वे डिटेक्शन कैमरों के माध्यम से ई-चालान किया जाएगा, और जुर्माना 2,500 रुपये तय किया गया है।
वीआईपी रोड पर श्रीराम मंदिर से नवा रायपुर एयरपोर्ट प्रवेश तक कुल तीन मार्ग हैं – मध्य मार्ग और दोनों ओर एक-एक सर्विस रोड। अब मध्य मार्ग वन-वे होने के कारण हादसों की आशंका कम होगी और एयरपोर्ट जाने वाले यात्री जाम में फंसने से बच सकेंगे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी निगरानी और ई-चालान के जरिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
इस बदलाव से न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुविधा भी मिलेगी, जिससे वीआईपी रोड पर हादसों और जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।













