रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर 11.50 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र उरला स्थित 55 एकड़ जमीन को बेचने के नाम पर एक कारोबारी से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए गए। रजिस्ट्री से ठीक पहले यह खुलासा हुआ कि जिस जमीन का सौदा किया गया, वह पहले से ही बैंक में बंधक है।
23 करोड़ में हुआ था सौदा
पीड़ित कारोबारी विकास गोयल ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी संभव ट्यूब प्रा. लि. का कार्यालय अनुपम गार्डन के पास स्थित है। वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात हाइटेक एब्रेसिव्स प्रा. लि. कंपनी के डायरेक्टर्स से हुई थी। कंपनी के उरला स्थित परिसर में पहले फैक्ट्री संचालित होती थी, जो बाद में बंद हो गई। इसी जमीन को 23 करोड़ रुपये में बेचने का सौदा तय हुआ।
Read More : C.G Accident : रायपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, दुकान में घुसी गाड़ी, परिवार बाल-बाल बचा, देखें Video
एडवांस लेकर किया गया गुमराह
सौदे के तहत विकास गोयल ने 11.50 करोड़ रुपये एडवांस के रूप में आरोपियों को दे दिए। लेकिन रजिस्ट्री से पहले जांच में सामने आया कि जमीन बैंक में गिरवी रखी गई है और कंपनी पर करोड़ों रुपये का कर्ज बकाया है। इसके बाद पीड़ित ने सौदा रद्द कर अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने टालमटोल और गुमराह करना शुरू कर दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने 70 वर्षीय नारायण प्रसाद टेकरीवाल, उनके बेटे पंकज टेकरीवाल और प्रीतम टेकरीवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत मामला दर्ज किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस कंपनी में कई अन्य डायरेक्टर्स भी शामिल हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।











