Raipur Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। शातिर चोरों ने एक कार का शीशा तोड़कर 10 लाख रुपये नकद सहित लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामला गंज थाना क्षेत्र के तेलीबांधा इलाके का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Raipur Crime : पुलिस के अनुसार स्वर्णभूमि विधानसभा रोड निवासी व्यवसायी प्रवेश अग्रवाल ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी की शाम करीब 4 बजे वे अपनी कार क्रमांक CG-04-PE-9909 से रायपुर कोर्ट गए थे। इस दौरान उनके साथ जीजा प्रखर जिंदल भी मौजूद थे। कोर्ट और अन्य कार्य निपटाने के बाद शाम करीब 5.45 बजे वे तेलीबांधा स्थित अपोलो डायग्नोस्टिक क्लिनिक पहुंचे और कार को सड़क किनारे खड़ा कर अंदर चले गए।
Raipur Crime : करीब 6.20 बजे जब वे बाहर लौटे तो देखा कि कार के ड्राइवर साइड का पिछला कांच टूटा हुआ था। जांच करने पर पीछे की सीट पर रखा लैपटॉप बैग और काले रंग का स्लिंग बैग गायब मिला।
Raipur Crime : पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए बैग में 500 रुपये के नोटों में कुल 10 लाख रुपये नकद, एक एप्पल लैपटॉप जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये, सैमसंग कंपनी का टैबलेट करीब 25 हजार रुपये का, सेंडिस्क कंपनी की एक्सटर्नल हार्ड डिस्क लगभग 20 हजार रुपये की और स्लिंग बैग में रखे पांच डेबिट व क्रेडिट कार्ड थे।
Raipur Crime : घटना के बाद पीड़ित ने क्लिनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में 4 से 5 संदिग्ध युवक कार के आसपास घूमते नजर आए। इनमें से एक युवक नीली शर्ट पहने कार का शीशा तोड़ते और बैग उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
Raipur Crime : सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 305(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।











