Raipur Crime : रायपुर : रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने देशभर में फर्जी कॉल सेंटर के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के फरार मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
Raipur Crime : मामला मुजगहन क्षेत्र निवासी परमजीत सिंह चड्डा से जुड़ा है, जिन्हें बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि दिलाने का झांसा देकर 9 लाख 60 हजार रुपये की ठगी की गई थी। आरोपियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर पहले प्रोसेसिंग फीस, फिर कागजी कार्रवाई और बाद में टैक्स व एनओसी के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर करवाई। भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने फर्जी बैंक दस्तावेज और रिजर्व बैंक से जुड़े नकली कागजात भी भेजे।
Raipur Crime : इस मामले में पहले ही गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनसे पूछताछ में मास्टरमाइंड जितेंद्र कुमार उर्फ राजीव का नाम सामने आया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
Raipur Crime : पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसका उपयोग ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में इसी तरह लोगों को बीमा पॉलिसी मैच्योरिटी का झांसा देकर ठगी करता था।
Raipur Crime : पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी के मामलों का खुलासा किया जा सके। इस पूरे मामले में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।











