Raipur Breaking : रायपुर. छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने राज्य की शराब दुकानों में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी शराब दुकानों में 100 प्रतिशत कैशलेस ट्रांजेक्शन लागू किया जाए। इसका मतलब यह है कि अब शराब खरीदते समय केवल नकद भुगतान स्वीकार नहीं होगा।
Raipur Breaking : मंत्री ने लिया विभाग का ब्रीफिंग
नवा रायपुर स्थित राज्य मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित बैठक में मंत्री देवांगन ने आबकारी विभाग के अधिकारियों, बेवरेजेस कार्पोरेशन और स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन के अफसरों से परिचय प्राप्त किया और विभाग के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान आबकारी सचिव आर. शंगीता भी विशेष रूप से मौजूद रही।
बैठक में अधिकारियों को विभाग के कार्य, शराब दुकानों की संख्या, ब्रांड, कीमत, राजस्व तथा डिस्टलरी से संबंधित जानकारियां दी गई। मंत्री देवांगन ने निर्देश दिए कि फार्महाउस पार्टियों पर विशेष नजर रखी जाए, क्योंकि अक्सर शिकायतें आती हैं कि इन पार्टियों में राज्य के बाहर की शराब का उपयोग होता है।
सीसीटीवी और निगरानी के आदेश
शराब दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर 24 घंटे मुख्यालय से निगरानी करने का आदेश भी दिया गया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा अनुरूप राज्य में अवैध मदिरा और मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अंतर्राज्यीय सीमाओं पर आबकारी जांच चौकियों में सतर्कता बढ़ाने और विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
आबकारी विभाग की तैयारी
बैठक में विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे और मंत्री के निर्देशों के अनुसार जल्द ही सभी शराब दुकानों को कैशलेस बनाने, निगरानी मजबूत करने और अवैध शराब गतिविधियों पर रोक लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।











