Raigarh News: रायगढ़ पुलिस ने दो बाइक चोर गिरोहों का किया पर्दाफाश, 8 आरोपियों से करीब 7 लाख रुपये के 10 दुपहिया वाहन बरामद

Sanjay Sahu
Raigarh News

Raigarh News: गौरी शंकर गुप्ता /रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। थाना पूंजीपथरा और थाना लैलूंगा की पुलिस टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई में एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है। पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर 6 आरोपियों को पकड़ा, वहीं लैलूंगा पुलिस ने चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध चोरी के साथ संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पूंजीपथरा पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा, जंगल में पत्तों से ढककर छिपाते थे चोरी की बाइक

थाना पूंजीपथरा में दिनांक 02 नवंबर 2026 को बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BM 6316, कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये, चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार उसने 30 अक्टूबर की शाम मोटरसाइकिल अपने कमरे के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 286/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर जंगल में मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि तांबा चोरी के मामले में जेल से रिहा हुआ राजू चौहान अपने साथियों के साथ फिर से सक्रिय है। संदेह के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करने के लिए एक राय होकर योजना बनाना स्वीकार किया। आरोपी रात के समय क्षेत्र में घूमकर बाइक चोरी करते और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी तथा उर्दना क्षेत्र से कुल 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख 12 हजार रुपये है, तथा 2 मोबाइल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी अनुसार बरामद बाइक पर थाना पूंजीपथरा और कोतवाली रायगढ़ में चोरी का अपराध दर्ज है ।

बरामद मोटरसाइकिलों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं। आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से एक साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने पर प्रकरण में धारा 112(2) बीएनएस भी विस्तारित की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक चोरी एवं तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

पूंजीपथरा पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल, सुरेश खुंटे एवं सिकंदर तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Raigarh News: गिरफ्तार आरोपी:

1. राजू चौहान, पिता लालसाय चौहान, उम्र 22 वर्ष, निवासी सलखिया, थाना लैलूंगा, हाल मुकाम तराईमाल।
2. लक्की सिदार, पिता विजय भारतेंदु, उम्र 19 वर्ष, निवासी तराईमाल, थाना पूंजीपथरा।
3. राजेश श्रीवास, पिता विजय श्रीवास, उम्र 21 वर्ष, निवासी छाल, हाल मुकाम धनवारपारा तराईमाल।
4. बीर सिंह उर्फ लाल सिंह भगत, पिता रत्थो भगत, उम्र 20 वर्ष, निवासी राताईमाल, जिला रायगढ़।
5. सूर्यदेव राम, पिता विनोद राम, उम्र 18 वर्ष 20 दिन, निवासी बाबुसाजबहार, थाना तुमला, जिला जशपुर, हाल मुकाम खान कॉलोनी तराईमाल।
6. एक विधि से संघर्षरत बालक।

Raigarh News: लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर के साथ दो आरोपियों को दबोचा

इसी प्रकार थाना लैलूंगा में दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को पुरुषोत्तम पैकरा निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MV 9707 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड मेन रोड किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर वह कुछ देर के लिए गया था। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 335/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की नीयत से उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर मॉडिफाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

वहीं लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, आरक्षक विनोद कुजूर, उमेश साय एवं राजू तिग्गा का सराहनीय योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपी:

1. अनिश यादव, पिता शिवचरण, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजपुर फुटुपारा, थाना लैलूंगा।
2. निलेश यादव, पिता गोविंद गादय, उम्र 22 वर्ष, निवासी पहाड़ लुडेग, थाना लैलूंगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

Raigarh News: वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। थाना पूंजीपथरा एवं लैलूंगा पुलिस की टीमों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश कर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता, बेहतर सूचना तंत्र और आपसी समन्वय का परिणाम है। वाहन चोरी में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। आम नागरिक अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *