नई दिल्ली | राहुल गांधी का बड़ा आरोप : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा एक बार फिर जोर-शोर से उठाया है। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस के वोटरों को टारगेट कर डिलीट किया जा रहा है।
राहुल गांधी का बड़ा आरोप : राहुल ने प्रेजेंटेशन के जरिए कई उदाहरण दिए। उन्होंने बताया कि कर्नाटक के अलंद क्षेत्र में करीब 6,018 वोट हटाने की कोशिश पकड़ी गई। बूथ लेवल अधिकारियों तक को यह नहीं पता कि वोट किसने हटाया और जिनके वोट हटे, उन्हें भी इसकी जानकारी नहीं। राहुल के मुताबिक, यह प्रक्रिया किसी और ताकत द्वारा सेंट्रलाइज तरीके से हाईजैक कर ली गई।
उन्होंने दावा किया कि जांच में सामने आया कि वोट डिलीट करने के लिए ऑटोमैटिक सिस्टम का इस्तेमाल हो रहा है। मोबाइल नंबर दूसरे राज्यों के इस्तेमाल किए जा रहे हैं और टारगेट करके कांग्रेस वोटरों को हटाया गया। उदाहरण देते हुए राहुल ने बताया कि नागराज नाम के व्यक्ति ने 36 सेकंड में 2 फॉर्म भर दिए, वहीं सूर्यकांत नामक व्यक्ति के नाम पर 14 मिनट में 12 वोट डिलीट हुए। कई लोगों को तो पता ही नहीं कि उनके नाम पर ऐसा हुआ है।
राहुल ने कहा कि यह काम उनके दायरे में नहीं आता, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा संस्थाओं की जिम्मेदारी है, और जब संस्थाएं चुप हैं तो उन्हें बोलना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अब उन्हें चुनाव आयोग के अंदर से ही मदद मिल रही है और इस मामले को दबाया नहीं जा सकेगा।













