Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh Niwari Gangrape Case : निवाड़ी में हैवानियत: नाबालिग से गैंगरेप कर बनाया...

Niwari Gangrape Case : निवाड़ी में हैवानियत: नाबालिग से गैंगरेप कर बनाया वीडियो, ₹75 हजार वसूलने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

Niwari Gangrape Case : निवाड़ी (टेहरका): मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में एक नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का बेहद गंभीर मामला उजागर हुआ है। आरोपियों ने न सिर्फ मासूम की अस्मत लूटी, बल्कि उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 75 हजार रुपये की मोटी रकम भी वसूल ली। मामला संज्ञान में आते ही टेहरका पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपियों सहित एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण: जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात 25 दिसंबर 2025 की है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया और पूरी घटना का मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को डरा-धमकाकर उससे अवैध वसूली शुरू कर दी। लोक-लाज और डर के कारण पीड़िता ने करीब 75 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए, लेकिन जब प्रताड़ना हद से बढ़ गई, तो पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई: निवाड़ी एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र चौरसिया, रवि सेन और एक अन्य बाल अपचारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 308(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी का बयान: टेहरका थाना प्रभारी गौरव राजौरिया ने बताया कि आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने पूर्व में भी ऐसी किसी वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल, तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here