बड़वारा : जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेगवा में हाईवे पर हुआ एक भयावह सड़क हादसा अब सामने आए CCTV फुटेज के बाद और भी ज्यादा झकझोर देने वाला साबित हो रहा है। चंद सेकंड के भीतर एक ही स्थान पर दो बड़े सड़क हादसे हो गए, जिनमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार सवार दो महिलाएं और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहला हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक्स
CCTV फुटेज के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सड़क पर गिर गई और उसी दौरान पीछे से आ रहे एक भारी ट्रक ने बाइक को रौंदते हुए आगे निकल गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा हादसा: मदद करने रुकी कार बनी शिकार
पहले हादसे के बाद पीछे से आ रही एक कार ने स्थिति को देखते हुए मानवीय संवेदना दिखाते हुए वाहन रोक दिया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस टक्कर में कार सवार दो महिलाएं और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी घटना हाईवे पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज रफ्तार और लापरवाही ने कुछ ही सेकंड में जिंदगियां तबाह कर दीं।
Read More : Indore दूषित जल कांड पर सियासी घमासान, कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालकों की पहचान और लापरवाही की जांच की जा रही है।
सवालों के घेरे में हाईवे सुरक्षा
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और हाईवे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











