सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पश्चिमी जंगल और पहाड़ी इलाकों में गुरुवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच तीव्र मुठभेड़ जारी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, माओवादियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग का सिलसिला लगातार जारी है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल, जवानों की संख्या और ऑपरेशन की रणनीति से जुड़ी संवेदनशील जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा रही है। सुरक्षाबलों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए हैं। फिलहाल इलाके में सघन तलाशी अभियान चल रहा है और सुरक्षा बलों द्वारा सभी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
सुकमा पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद मुठभेड़ से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इलाके में लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।











