भोपाल : पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तारीफ किए जाने पर कड़ा पलटवार किया है। नरोत्तम मिश्रा ने इसे राजनीतिक मजबूरी और दबाव की रणनीति करार देते हुए तीखे शब्दों में हमला बोला।
संघ की तारीफ पर सवाल
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह द्वारा संघ की प्रशंसा करना चौंकाने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “आज ओसामा बिन लादेन की आत्मा दोज़ख में रो रही होगी और ज़ाकिर नाइक खुद को अनाथ महसूस कर रहा होगा।”
‘भगवा आतंकवाद’ वाले बयान की याद दिलाई
पूर्व गृह मंत्री ने दिग्विजय सिंह के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वही नेता जिन्होंने कभी ‘भगवा आतंकवाद’ जैसे शब्द गढ़े थे, आज संघ की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “आपके मुंह से राम-राम सुनना भी आश्चर्यजनक है।”
राज्यसभा चुनाव से जोड़ा बयान
नरोत्तम मिश्रा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह का यह रुख राज्यसभा चुनाव से जुड़ा हुआ हो सकता है। उन्होंने कहा कि दो महीने बाद राज्यसभा के चुनाव होने वाले हैं और संभव है कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस हाईकमान पर दबाव बनाने के लिए ऐसी बयानबाजी कर रहे हों।
Read More : M.P News : इंदौर रेलवे स्टेशन पर युवक का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी जीआरपी
राजनीतिक बयानबाजी तेज
डॉ. मिश्रा ने कहा कि इससे पहले भी दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा जाने के लिए सरकार को अस्थिर करने जैसी रणनीतियां अपनाई थीं। उनका मानना है कि यह बयान वैचारिक परिवर्तन नहीं बल्कि राजनीतिक दबाव की रणनीति है।
कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस बयान पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।











