निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : दांतों से नाखून खाना एक आम लेकिन बेहद गलत आदत मानी जाती है, जो अक्सर तनाव, घबराहट, चिंता या बोरियत के दौरान शुरू होती है। कई लोग इसे मामूली आदत समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लंबे समय तक यह आदत मुंह, पेट, दांत और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।
नाखूनों के जरिए शरीर में पहुंचते हैं बैक्टीरिया
आरएमएल हॉस्पिटल, नई दिल्ली के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, नाखूनों में गंदगी, बैक्टीरिया और कीटाणु आसानी से जमा हो जाते हैं। जब व्यक्ति नाखून चबाता है, तो ये बैक्टीरिया सीधे मुंह के रास्ते शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे दस्त, पेट दर्द, उल्टी और पेट का संक्रमण हो सकता है।
दांत और मसूड़ों को भी होता है नुकसान
लगातार नाखून चबाने से मसूड़ों में सूजन, खून आना और दांतों में संक्रमण की समस्या बढ़ जाती है। कई मामलों में दांत घिसने लगते हैं, टूट सकते हैं या उनकी बनावट खराब हो जाती है। बच्चों और युवाओं में यह आदत आगे चलकर दांत टेढ़े होने और जड़ों को नुकसान पहुंचाने का कारण बन सकती है।
Read More : Apple का बड़ा दांव: Creator Studio लॉन्च! एक सब्सक्रिप्शन में Final Cut Pro, Logic Pro और AI टूल्स
मानसिक और त्वचा संबंधी समस्याएं भी जुड़ी
यह आदत अक्सर तनाव, चिंता और ब्रुक्सिज्म जैसी मानसिक समस्याओं से जुड़ी होती है। इसके अलावा नाखूनों के आसपास सूजन, त्वचा संक्रमण और नाखूनों की ग्रोथ रुकने जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं। नेल पॉलिश में मौजूद केमिकल्स का मुंह के जरिए शरीर में जाना भी खतरनाक है।
नाखून चबाने की आदत कैसे छोड़ें?
इस आदत को छोड़ने के लिए सबसे पहले इसके कारण को पहचानना जरूरी है।
- तनाव कम करने के लिए योग, ध्यान और गहरी सांस लेने का अभ्यास करें।
- नाखून हमेशा छोटे और साफ रखें।
- कड़वे स्वाद वाली नेल पॉलिश या दवा का इस्तेमाल करें।
- हाथों को व्यस्त रखने के लिए बॉल, पेन या टॉय का उपयोग करें।
- जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या काउंसलर से सलाह लें।











