Mungeli Road Vyapari Mahasangh : बिलासपुर: बेटे की स्मृति में पिता ने महासंघ को भेंट किया शव वाहन; 10 लाख का सेवा रथ बनेगा बेसहारा परिवारों का संबल

Mungeli Road Vyapari Mahasangh : गौरी शंकर गुप्ता/बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। समाज में शोक को सेवा में बदलने की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते हुए मिश्रा परिवार ने मुंगेली रोड व्यापारी महासंघ को ₹10 लाख मूल्य का एक अत्याधुनिक शव वाहन भेंट किया है। यह पुनीत कार्य सेवानिवृत्त फोरमैन अश्वनी कुमार मिश्रा और उनके पिता (दादा) दुर्गा प्रसाद मिश्रा ने अपने दिवंगत सुपुत्र स्वर्गीय नितिन कुमार मिश्रा की पुण्य स्मृति में किया। सोमवार को आयोजित एक गरिमामयी समारोह में यह वाहन महासंघ को समर्पित किया गया।

पुत्र की स्मृति में मानवता की सेवा दीपिका खदान से सेवानिवृत्त फोरमैन अश्वनी कुमार मिश्रा के पुत्र नितिन कुमार मिश्रा का अल्प आयु में ही आकस्मिक निधन हो गया था। इस अपूरणीय क्षति के बाद, परिवार ने निर्णय लिया कि वे पुत्र की याद को ऐसी सेवा के रूप में जीवित रखेंगे जिससे पीड़ित मानवता को लाभ मिल सके। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने मुंगेली रोड व्यापारी महासंघ की निःशुल्क शव वाहन सेवा को और सुदृढ़ करने के लिए यह वाहन प्रदान किया।

महासंघ की निःशुल्क सेवा को मिलेगा विस्तार मुंगेली रोड व्यापारी महासंघ बिलासपुर में पिछले कई वर्षों से निःशुल्क शव वाहन सेवा का संचालन कर रहा है। अध्यक्ष कृपाल सिंह भोगल ने मिश्रा परिवार के इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे दानशील परिवार समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस वाहन का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता और निस्वार्थ सेवा भाव के साथ किया जाएगा, ताकि अंतिम विदाई के समय जरूरतमंद परिवारों को कोई असुविधा न हो।

विशिष्टजनों की उपस्थिति और सम्मान समारोह के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने दादा दुर्गा प्रसाद मिश्रा एवं पिता अश्वनी कुमार मिश्रा को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महासंघ के संरक्षक अशोक अग्रवाल, सचिव राकेश दुआ, अनिल गुप्ता, गोपाल अग्रवाल सहित शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिश्रा परिवार के इस निस्वार्थ भाव की सराहना करते हुए स्वर्गीय नितिन कुमार मिश्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share The News
[youtube_shorts]

Popular News

CG Transfer Breaking : वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा फेरबदल, 21 कर्मचारियों का तबादला

CG Transfer Breaking :रायपुर। राज्य शासन के वाणिज्यिक कर...

Raipur Police Commissioner: IPS डॉ. संजीव शुक्ला ने संभाला पुलिस आयुक्त का पदभार… जानिए क्या कुछ कहा

Raipur Police Commissioner:रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के...

Related Articles

Popular Categories