महिला आरक्षण बिल पर सियासत गरम! M.P में BJP-कांग्रेस का पोस्टर वॉर,सोशल मीडिया बना अखाड़ा

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क: महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पारित न हो पाने के बाद देशभर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी जारी है। इसी बीच मध्यप्रदेश में भी इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है और बीजेपी व कांग्रेस के बीच पोस्टर वॉर शुरू हो गया है।

शाजापुर में छिड़ी पोस्टर जंग

मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी के बीच सोशल मीडिया पर सीधा टकराव देखने को मिल रहा है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर पोस्टर के जरिए निशाना साधा है।

राहुल गांधी को बताया ‘वॉन्टेड’

बीजेपी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्टर जारी करते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा। इस पोस्ट में राहुल गांधी को ‘वॉन्टेड’ बताया गया और उन पर महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया गया। पोस्टर में यह भी लिखा गया कि राहुल गांधी लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

कांग्रेस का पलटवार—सांसद ‘मिसिंग’

सांसद के इस पोस्ट के जवाब में कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने भी पलटवार करते हुए एक ‘मिसिंग’ पोस्टर जारी किया। इसमें उन्होंने महेंद्र सिंह सोलंकी को ‘लापता’ बताया और आरोप लगाया कि वे किसानों से डर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि जो नेता खुद जनता का सामना नहीं कर पा रहे, वे दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।

समर्थक भी कूदे मैदान में

इस पोस्टर वॉर के बाद दोनों दलों के समर्थक भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं। फेसबुक पोस्ट पर जमकर कमेंट, शेयर और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, जिससे यह विवाद और बढ़ता जा रहा है।

चुनावी मुद्दा बना बिल

महिला आरक्षण बिल का मुद्दा अब सिर्फ संसद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चुनावी राज्यों में भी यह बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी इस पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

यह पूरा घटनाक्रम साफ संकेत देता है कि आने वाले समय में महिला आरक्षण का मुद्दा देश की राजनीति में अहम भूमिका निभा सकता है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *