MP NEWS:सतना : सतना में मनमानी पर उतारू प्राइवेट स्कूल संचालकों को निजी प्रकाशकों की किताबें चलाना महंगा पड़ गया। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा कराई गई जांच में यह प्रमाणित पाया गया था कि प्राइवेट स्कूल संचालक निजी प्रकाशकों की किताबें चला रहे हैं, जबकि शासन द्वारा एनसीईआरटी की किताबें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने 17 स्कूलों पर 36 लाख का अर्थदंड लगाया है।
MP NEWS:यह जुर्माना माउंट लेट्रा जी स्कूल, ब्लूम्स एकेडमी, सेंट माइकल सीनियर सेकंडरी स्कूल, एकेडमिक हाईट्स पब्लिक स्कूल, द विट्स स्कूल, डी पॉल स्कूल, प्रियम्बदा बिरला स्कूल, चाणक्य पब्लिक स्कूल, क्राइस्ट ज्योति सीनियर सेकंडरी, द लवडेल सीनियर सेकंडरी, बोनांजा कान्वेंट, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीएमए स्कूल, भारतीय विद्या भवन, सदगुरु पब्लिक स्कूल, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल पर 2-2 लाख रुपए एवं गुरुकुलम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकुरिया टोला पर 4 लाख का अर्थदंड लगाया गया है।
MP NEWS: जिला शिक्षा अधिकारी टीपी सिंह ने बताया कि अभिभावकों से प्राप्त शिकायतों के बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने प्रशासनिक स्तर पर 2 जांच टीमें गठित की थीं, जिसमें एक टीम का नेतृत्व एसडीएम राहुल सिलाडिया, जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व एसडीएम स्वप्निल वानखेड़े कर रहे थे। वहीं शिक्षा विभाग की टीम भी स्कूलों की जांच कर रही थी, जिसमें स्वयं डीईओ और एडीपीसी आलोक सिंह सहित मान्यता प्रभारी राजीव अर्गल शामिल थे।
MP NEWS: बताया गया कि स्कूलों से किताबों की चेक लिस्ट मांगी गई थी, जिसका मिलान पोर्टल से किया गया, जिसमें यह पाया गया था कि कोई भी स्कूल एनसीईआरटी की किताबें नहीं चला रहे हैं। वहीं पालकों पर यूनीफार्म एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री क्रय करने का दबाव बना रहे थे। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सभी स्कूलों को 7 दिन के अंदर अर्थदंड की राशि जिला शिक्षा विभाग के खाते में जमा कराने के आदेश देते हुए पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।













