MP News : भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहाँनाबाद थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक सक्रिय बदमाश को अवैध तलवार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर में किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
चौकी प्रभारी ईदगाह हिल्स, उपनिरीक्षक माधव सिंह परिहार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मदर इंडिया कॉलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुँची और संदेह के आधार पर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान, नासिर पिता नन्हे खान के घर के अंदर से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई। आरोपी नासिर तलवार के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नासिर एक आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।













