Friday, October 2, 2026
Home Madhya Pradesh Indore MP News: जन्मदिन की खुशी बदली मातम में! महू के कालाकुंड रोड...

MP News: जन्मदिन की खुशी बदली मातम में! महू के कालाकुंड रोड पर पेड़ से टकराई बाइक, 3 दोस्तों की मौत

Mahu Road Accident: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क- इंदौर के महू में बुधवार शाम जन्मदिन मनाने निकले तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कालाकुंड रोड के जंगल क्षेत्र में हुआ, जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क किनारे घनी झाड़ियों में जा गिरे। अंधेरा और जंगल का इलाका होने के कारण हादसे की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी।बताया गया कि 13 दोस्तों का ग्रुप अलग-अलग वाहनों से इंदौर से निकला था। शुरुआत में देवगुराड़िया में जन्मदिन मनाने की योजना थी, लेकिन बाद में सभी कालाकुंड के जंगल क्षेत्र की ओर चले गए।

वापसी के दौरान ग्रुप के कुछ दोस्त आगे निकल गए। वहीं केशव परमार, निशांत परमार और सूरज चौहान एक ही बाइक पर पीछे रह गए। कालाकुंड रोड पर एक मोड़ के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक सवार सड़क से दूर झाड़ियों में जा गिरे। हादसे के बाद वे सड़क से दिखाई नहीं दे रहे थे, जिसके चलते वहां से गुजरने वालों को भी तत्काल घटना का पता नहीं चला।

वापस नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश
जब बाकी दोस्त इंदौर पहुंच गए और तीनों के वापस नहीं आने की जानकारी हुई, तो उनकी तलाश शुरू की गई। दोस्त और परिजन पुलिस के साथ कालाकुंड रोड के जंगल क्षेत्र में पहुंचे।करीब 5 से 7 किलोमीटर के इलाके में रातभर तलाश अभियान चलाया गया। हालांकि, अंधेरा होने और घनी झाड़ियों के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी आई। रातभर तलाश के बावजूद तीनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
Read More: MP Police Bharti 2013: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, विवादित मेरिट लिस्ट रद्द! 12 हफ्ते में नई सूची

करीब 14 घंटे बाद झाड़ियों में मिले शव
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सड़क किनारे झाड़ियों में तीनों के शव मिले। हादसे के करीब 14 घंटे बाद शवों का पता चल सका। मृतकों की पहचान 13 वर्षीय केशव परमार, 16 वर्षीय निशांत परमार और 17 वर्षीय सूरज चौहान के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों और बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की वजह की जांच की जा रही है।

एक हादसे ने परिवारों में मचाया मातम
जिस दिन दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने की तैयारी थी, वही दिन तीन परिवारों के लिए बेहद दुखद बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे के बाद तीनों झाड़ियों में गिर गए थे और इसी वजह से उनकी लोकेशन का तुरंत पता नहीं चल सका। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here