Minor Rescue : छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में आज एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक नाबालिग छात्र ने अज्ञात कारणों के चलते घर के बाजू में स्थित कुएं में छलांग लगा दी। सुबह 9 बजे हुई इस घटना के बाद, पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम पिछले आठ घंटे से भी अधिक समय से बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चला रही है।
माँ के सामने लगाई छलांग
मिली जानकारी के अनुसार, बजरंग नगर वार्ड क्रमांक 39 निवासी 14 वर्षीय सार्थक वानखेड़े, जो 9वीं कक्षा का छात्र है, सुबह लगभग 9 बजे अपने घर की छत पर खेल रहा था। उसकी माँ पूनम वानखेड़े ने उसे आवाज़ देकर नीचे बुलाया। जब सार्थक नीचे नहीं आया, तो माँ ने उसे दोबारा आवाज़ दी। इसी बीच, अचानक ही सार्थक ने माँ के सामने, घर के बाजू में बने कुएं में छलांग लगा दी।
माँ पूनम वानखेड़े ने तत्काल ही इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और रेस्क्यू के लिए मोर्चा संभाला।
Minor Rescue : NDRF टीम को आ रही भारी दिक्कतें
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुएं में काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है और कचरा भी भरपूर है, जिसके कारण रेस्क्यू अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एनडीआरएफ की टीम सुबह से ही कुएं का पानी निकालकर बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है।
खबर लिखे जाने तक (8 घंटे बाद) भी सार्थक को कुएं से बाहर नहीं निकाला जा सका है और रेस्क्यू लगातार जारी है। पुलिस ने कहा है कि मासूम बच्चे की स्थिति के बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना संभव नहीं है।











