Monday, September 28, 2026
Home Madhya Pradesh Mauganj Temple Theft : मऊगंज में आस्था पर प्रहार: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र...

Mauganj Temple Theft : मऊगंज में आस्था पर प्रहार: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के पैतृक मंदिर में चोरी, चांदी के मुकुट और मूर्तियाँ पार

Mauganj Temple Theft : मऊगंज। मऊगंज जिले के ग्राम ढेरा में धार्मिक आस्था को चोट पहुँचाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के पैतृक गांव स्थित विश्वेश्वरनाथ मंदिर (ढेरा शिव मंदिर) को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया है। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर देवी-देवताओं के कीमती आभूषण और मूर्तियाँ पार कर दीं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

घटना की जानकारी तब हुई जब मंदिर के पुजारी भीम शंकर शुक्ला, जो पिछले 10 वर्षों से यहाँ सेवा दे रहे हैं, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे पूजा के लिए फूल तोड़ने मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर पता चला कि गर्भगृह में स्थापित मूर्तियों के आभूषण गायब हैं। पुजारी मंदिर परिसर में ही अपने परिवार के साथ निवास करते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में हुई इस वारदात की भनक किसी को नहीं लग सकी।

पुजारी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोरों ने दुर्गा जी की पीतल की दो मूर्तियाँ, माता पार्वती की बड़ी मूर्ति का चांदी का मुकुट और भगवान हनुमान जी का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया है। इसके अलावा चोरों ने पास ही स्थित घरौआ माता मंदिर में लगी चांदी की आंखें भी निकाल लीं। चोरी गए इन धार्मिक आभूषणों और मूर्तियों की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है, हालांकि इनकी धार्मिक महत्ता और आस्था मूल्य अमूल्य है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मऊगंज पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उप मुख्यमंत्री के पैतृक मंदिर में हुई इस चोरी ने पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस की टीमें मंदिर के आसपास के रास्तों और संदिग्धों की तलाश में जुट गई हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

इस घटना ने क्षेत्र में मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उप मुख्यमंत्री के पैतृक मंदिर में ऐसी वारदात होना पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलती है। पुलिस अब मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और पुराने अपराधियों की कुंडली खंगाल रही है ताकि जल्द से जल्द इस मामले का पटाक्षेप किया जा सके।

फिलहाल, मंदिर में हुई इस चोरी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हैं और लोग जल्द से जल्द मशरुका की बरामदगी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि वे कुछ महत्वपूर्ण सुरागों पर काम कर रहे हैं और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here