मऊगंज: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में कानून-व्यवस्था को सवालों के घेरे में डालने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पतीयारी मोड़ के पास एक ऑटो चालक पर आधा दर्जन युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें खुलेआम मारपीट होती दिखाई दे रही है। हमले में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कौन है पीड़ित, कैसे हुआ हमला?
पीड़ित राजेश साहू, निवासी पकरा, थाना मऊगंज, रोज की तरह मऊगंज से ऑटो में सवारियां लेकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह पतीयारी मोड़ के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उसका ऑटो जबरन रुकवाया और अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुई इस बेरहमी भरी पिटाई में राजेश साहू को गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने बनाया मारपीट का वीडियो
घटना के समय मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावरों की दबंगई साफ तौर पर देखी जा सकती है।
थाने पहुंचने पर पुलिस पर भी गंभीर आरोप
घटना के बाद घायल राजेश साहू अपने परिजनों के साथ मऊगंज थाने पहुंचा, ताकि शिकायत दर्ज कराई जा सके। लेकिन पीड़ित का आरोप है कि वहां पुलिस कर्मियों ने उसकी शिकायत गंभीरता से नहीं सुनी। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों द्वारा गाली-गलौज और हाथापाई किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इस घटनाक्रम का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें थाने के अंदर का हंगामा दिखाई दे रहा है।
Read More : मकर संक्रांति के दिन भयानक कांड! जानें कैसे एक ही परिवार की 7 महिलाओं की एक साथ हुई दर्दनाक मौत
पीड़ित की मांग, पुलिस और आरोपियों पर हो सख्त कार्रवाई
राजेश साहू ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि
-
थाने में हाथापाई, अभद्रता और गाली-गलौज करने वाले पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
-
ऑटो चालक पर हमला करने वाले सभी आरोपियों को घर पकड़कर गिरफ्तार किया जाए।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
एक तरफ सड़क पर खुलेआम हमला और दूसरी ओर थाने में ही पीड़ित से दुर्व्यवहार—इस पूरे मामले ने मऊगंज की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।













