नारायणपुर में बड़ा हादसा: यात्री बस पलटी, कई गंभीर घायल

Parivesh
नारायणपुर में बड़ा हादसा यात्री बस पलटी, कई गंभीर घायल

नारायणपुर, 17 अप्रैल 2025: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में गुरुवार को एक यात्री बस के पलटने से कई लोग घायल हो गए। हादसा ओरछा मार्ग पर ग्राम गड़बेंगाल पुल के पास हुआ, जब बस असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस नारायणपुर से ओरछा की ओर जा रही थी और उसमें क्षमता से अधिक सवारी भरी गई थी। हादसे के समय बस की गति भी तेज बताई जा रही है। घायल यात्रियों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

इस बस का संचालन बस्तर ट्रैवल्स कंपनी द्वारा किया जा रहा था। यह वही कंपनी है, जिसकी बस ने कुछ दिन पहले कोंडागांव में ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस बार फिर उसी कंपनी की बस हादसे का शिकार हुई है, जिससे कंपनी की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।

हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। कई स्थानीय लोगों ने बस्तर ट्रैवल्स कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बस चालक की लापरवाही की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने हादसे की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम भेजी और घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *