न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में सोमवार शाम (स्थानीय समयानुसार) लागार्डिया एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा हुआ। डेल्टा एयरलाइंस के दो जेट प्लेन पार्किंग के दौरान आपस में टकरा गए। हादसे में एक विमान की नाक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरे विमान का पंख टूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अनुसार, एक विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते हुए गेट की ओर बढ़ रहा था, तभी दूसरा विमान भी उसी दिशा में आ गया और दोनों में ज़ोरदार टक्कर हो गई। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
READ MORE : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया विजयदशमी उत्सव, शताब्दी वर्ष के तहत बड़े पैमाने पर शास्त्र पूजा….
डेल्टा एयरलाइंस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हादसे में एक फ्लाइट अटेंडेंट को मामूली चोट आई है, जिसे नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पायलट कह रहा है कि “उनके दाहिने विंग ने हमारी नोज़ काट दी और कॉकपिट के शीशे समेत कई स्क्रीन को नुकसान पहुंचा है।” हादसा डेल्टा फ्लाइट DL5047 से जुड़ा है, जो चार्लोट डगलस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से न्यूयॉर्क पहुंचा था।
गौरतलब है कि न्यूयॉर्क पहले भी कई विमान हादसों का गवाह रहा है। नवंबर 2001 में एक प्लेन टेकऑफ के दौरान क्रैश हुआ था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं जनवरी 2009 में भी एक बड़ा हादसा टला, जब एक विमान के दोनों इंजन फेल हो गए थे, लेकिन पायलट ने अद्भुत साहस दिखाते हुए उसे हडसन नदी में सुरक्षित लैंड कराया था।











