Maharashtra Assembly Elections 2024 : नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है। पवार ने बताया कि जब वे दिल्ली में थे, तब दो लोग उनसे मिले और कहा कि इस चुनाव में विपक्षी दलों को 288 सीटों में से 160 सीटें जीताने का दावा किया गया था। यह जानकारी उन्होंने नागपुर में मीडिया से साझा की।
शरद पवार ने कहा कि उन्होंने इस बात को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी बताया था और दोनों व्यक्तियों का राहुल से परिचय भी कराया था। हालांकि, राहुल गांधी ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और सुझाव दिया कि इन बातों पर ध्यान न देकर सीधे जनता के बीच जाना चाहिए।
- यह खुलासा ऐसे समय हुआ है जब राहुल गांधी चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार पर सवाल खड़े किए
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पवार यह खुलासा राहुल गांधी के दावों के बाद क्यों कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि पहले पवार ने राहुल के ईवीएम छेड़छाड़ के दावे का समर्थन नहीं किया था। फडणवीस ने कहा, “भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होते हैं। गांधी जी की कहानियां सलिम-जावेद की फिल्मों जैसी लगती हैं और पवार जी की बातें भी उसी स्क्रिप्ट का हिस्सा लगती हैं।”
पिछली चुनावी स्थिति
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी ने 132 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी शिवसेना और एनसीपी ने क्रमशः 57 और 41 सीटें हासिल की थीं। बीजेपी के नेतृत्व में देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया गया था।









