Friday, August 21, 2026
Home Chhattisgarh Mahadev Online Betting App: भारत की जेल में जान का खतरा बता...

Mahadev Online Betting App: भारत की जेल में जान का खतरा बता रहा सौरभ चंद्राकर, बोला- सुरक्षा मिली तो खोलूंगा पूरे नेटवर्क का राज

Mahadev Online Betting App
Mahadev Online Betting App

Mahadev Online Betting App: रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने भारत लाए जाने से पहले अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। जांच एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ओमान में हिरासत के दौरान चंद्राकर ने वहां के अधिकारियों के सामने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई है।

Mahadev Online Betting App: चंद्राकर ने कथित तौर पर भारत लौटने के बाद जांच एजेंसियों और अदालत के सामने महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी देने की इच्छा जताई है। इसके बदले उसने अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था और विटनेस प्रोटेक्शन की मांग की है।

राजनीतिक कनेक्शन और लेन-देन की जानकारी देने का दावा

जानकारी के मुताबिक, चंद्राकर ने दावा किया है कि वह कथित सट्टा नेटवर्क से जुड़े राजनीतिक कनेक्शन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से संबंधित जानकारी जांच एजेंसियों को दे सकता है। उसका कहना है कि उसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से अलग और सुरक्षित रखा जाए, ताकि वह बिना किसी दबाव के जांच एजेंसियों के सामने अपना बयान दर्ज करा सके।

परिवार की सुरक्षा की भी मांग

चंद्राकर ने अपनी सुरक्षा के साथ-साथ परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की मांग भी की है। उसने आशंका जताई है कि मामले से जुड़े प्रभावशाली लोगों के कारण उसे या उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि उसने पूछताछ के दौरान न्यायिक निगरानी के साथ इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की है।

ओमान में हिरासत, भारत लाने की प्रक्रिया जारी

सौरभ चंद्राकर फिलहाल ओमान में हिरासत में है। इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस द्वारा उसे हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हैं। हालांकि, ओमान में उसके खिलाफ अलग कानूनी कार्रवाई भी चल रही है। चंद्राकर ने अपने वकील के माध्यम से वहां चल रही कार्रवाई को चुनौती दी है।

सुरक्षा की मांग से नहीं मिलेगी कानूनी छूट

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुरक्षा या विटनेस प्रोटेक्शन की मांग का मतलब यह नहीं है कि चंद्राकर को किसी मामले में कानूनी छूट मिल जाएगी। उसके दावों और जांच के दौरान दी जाने वाली जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि की जाएगी। उसके खिलाफ अपराध से जुड़े पर्याप्त सबूत मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

देशभर में फैला था कथित बेटिंग नेटवर्क

सीबीआई के मुताबिक, महादेव ऐप देश में सामने आए बड़े गैर-कानूनी ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट में शामिल है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस नेटवर्क का विस्तार किया और देशभर में बेटिंग पैनल संचालित किए।

Mahadev Online Betting App: जांच के अनुसार, नेटवर्क के जरिए यूजर्स को जोड़ा जाता था और विभिन्न गेम्स तथा बेटिंग मार्केट संचालित किए जाते थे। कथित तौर पर इससे होने वाली कमाई को म्यूल बैंक खातों के जरिए घुमाकर मनी लॉन्ड्रिंग की जाती थी और रकम का एक हिस्सा विदेश भेजा जाता था। जांच एजेंसियों का यह भी आरोप है कि कथित अपराध से हुई कमाई का कुछ हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को संरक्षण के बदले दिया जाता था। हालांकि, इन आरोपों और चंद्राकर द्वारा किए जाने वाले संभावित दावों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here