पन्ना [Nishanebaaz News]। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना अंतर्गत ग्राम नारायणपुरा में गुरुवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। खेत में बने 10 से 12 फीट गहरे बोरवेल के गड्ढे में सिंचाई मोटर की खराबी सुधारने उतरे पिता और पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से गांव में मातम छा गया है।
मौत की वजह बोरवेल में मोटर से फैला बिजली का करंट है या फिर गहराई में दम घोटने वाली जहरीली गैस अथवा ऑक्सीजन की कमी, इसका सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बेटे को बचाने उतरे पिता भी हुए अचेत
मिली जानकारी के अनुसार, खेत में बने बोरवेल से पानी न आने की समस्या को देखने के लिए सबसे पहले अतुल वर्मन (30 वर्ष) नीचे गड्ढे में उतरा था। नीचे पहुंचते ही वह अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। बेटे को तड़पता और बेहोश देखकर उसे बचाने के लिए पिता उजागर लाल वर्मन (55 वर्ष) भी बिना सोचे-समझे नीचे उतर गए, लेकिन वे भी तुरंत बेहोश हो गए।
काफी देर तक जब दोनों बाहर नहीं निकले, तो खेत के आसपास मौजूद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस की डायल-100 टीम की मदद से दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा सच
हादसे की वास्तविक वजह को लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है:
-
परिजनों की आशंका: परिजनों का अनुमान है कि समरसेबल मोटर या तारों से फैले करंट की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
-
गैस या ऑक्सीजन की कमी: वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि गड्ढे में दम घोटने वाली गैस के रिसाव या अचानक ऑक्सीजन का स्तर कम होने से भी अचेत होकर मौत हो सकती है।
पवई सीएचसी के बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी ने बताया कि दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पवई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।





