जबलपुर [Nishanebaaz News]Jabalpur North Central Assembly Tiranga Yatra। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जबलपुर के उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस विशाल यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और युवाओं ने पूरे देशभक्ति के जज्बे के साथ हिस्सा लिया।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गुंजायमान हो उठा।
पुष्पवर्षा कर जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी इस तिरंगा यात्रा का मार्ग में अनेक स्थानों पर स्थानीय रहवासियों और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में स्वतंत्रता दिवस को लेकर अभूतपूर्व उत्साह नजर आया।
पीएम मोदी के संकल्प को साकार कर रहे: विधायक अभिलाष पांडे
इस अवसर पर उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा:
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ के आह्वान और संकल्प को साकार करने के लिए मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश संगठन के कुशल मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। मैं समाज के सभी वर्गों, संस्थाओं और परिवारों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।”

