Wednesday, September 2, 2026
Home Madhya Pradesh MP News: दमोह में जन्मदिन की पार्टी पर अनोखा विवाद, दोस्त ने...

MP News: दमोह में जन्मदिन की पार्टी पर अनोखा विवाद, दोस्त ने भेजा ₹41,250 का कानूनी नोटिस

[nishaanebaz.com] MP News: दमोह। जन्मदिन की पार्टी को लेकर दो अधिवक्ता मित्रों के बीच शुरू हुआ दोस्ताना विवाद अब कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। अधिवक्ता विशाल सिंह राजपूत ने अपने मित्र अधिवक्ता गोविंद तिवारी को वरिष्ठ अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजकर पार्टी नहीं मिलने से हुई कथित आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानी के एवज में 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति मांगी है। मामले में दिलचस्प बात यह है कि दोनों पक्षों के मुताबिक पार्टी देने को लेकर लिखित इकरारनामा भी तैयार किया गया था। अब एक पक्ष पार्टी नहीं मिलने का दावा कर रहा है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि वह पार्टी पहले ही दे चुका है।

10 अगस्त को था जन्मदिन, पार्टी का किया गया था वादा

नोटिस भेजने वाले विशाल सिंह राजपूत के मुताबिक, अधिवक्ता गोविंद तिवारी का जन्मदिन 10 अगस्त को था। इस मौके पर उनके साथी अधिवक्ताओं और मित्रों ने जन्मदिन की पार्टी की मांग की थी।विशाल का दावा है कि गोविंद तिवारी ने पहले अगले रविवार पार्टी देने की बात कही थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और 23 अगस्त को पार्टी देने का लिखित आश्वासन भी दिया गया। इसी के बाद पार्टी को लेकर दोनों के बीच सहमति बनी थी।

स्टाम्प पर हुआ इकरारनामा, हस्ताक्षर का भी दावा

विशाल सिंह राजपूत का कहना है कि पार्टी को लेकर बाकायदा एक लिखित इकरारनामा तैयार किया गया था। उनके मुताबिक, यह इकरारनामा स्टाम्प पर तैयार हुआ और उस पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं के हस्ताक्षर भी किए गए।इकरारनामे में 23 अगस्त की शाम पार्टी देने की बात लिखे जाने का दावा किया गया है। विशाल के अनुसार, इसी लिखित आश्वासन के आधार पर वह और उनके साथी तय दिन पार्टी का इंतजार कर रहे थे।

Indore Traffic Police: इंदौर में रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर अब सीधे FIR, पहली बार 4 वाहन चालकों पर कार्रवाई; ड्रोन से रखी गई नजर

शाम तक फोन करते रहे, पार्टी नहीं मिलने का आरोप

नोटिस में आरोप लगाया गया है कि 23 अगस्त की शाम करीब 7 बजे विशाल ने गोविंद तिवारी से संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद करीब 8 बजे भी फोन किया गया, लेकिन कथित तौर पर जवाब नहीं मिला।विशाल के मुताबिक, रात करीब 9 बजे तक इंतजार करने के बाद भी उन्हें पार्टी नहीं मिली। बाद में उन्हें बताया गया कि बांदकपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में पार्टी आयोजित की गई थी और उसका बिल भी मौजूद है। हालांकि, विशाल का दावा है कि उन्हें इस पार्टी के लिए आमंत्रित नहीं किया गया और उन्होंने वहां भोजन नहीं किया।

रेस्टोरेंट के खर्च और इलाज की रकम जोड़कर मांगे ₹41,250

कानूनी नोटिस में विशाल सिंह राजपूत ने पार्टी नहीं मिलने के बाद अपने स्तर पर रेस्टोरेंट में भोजन करने पर 1,750 रुपये खर्च होने का दावा किया है।इसके अलावा नोटिस में मानसिक परेशानी और तबीयत खराब होने के कारण निजी अस्पताल में इलाज कराने की बात कही गई है। इसके लिए 39,500 रुपये खर्च होने का दावा किया गया है।इन दोनों रकम को जोड़कर कुल 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है। नोटिस में पूरे घटनाक्रम से हुई कथित मानसिक परेशानी का भी उल्लेख किया गया है।

सात दिन में पार्टी और क्षतिपूर्ति की मांग

वरिष्ठ अधिवक्ता कमल सिंह ठाकुर के माध्यम से भेजे गए नोटिस में गोविंद तिवारी से नोटिस प्राप्त होने के सात दिन के भीतर पार्टी देने और 41,250 रुपये की क्षतिपूर्ति अदा करने की मांग की गई है।इसके साथ ही नोटिस भेजने में हुए खर्च के रूप में 2,000 रुपये अतिरिक्त देने की मांग भी रखी गई है। नोटिस में मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में आगे कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।

गोविंद तिवारी का दावा- पार्टी पहले ही दे चुका हूं

वहीं, अधिवक्ता गोविंद तिवारी ने पार्टी नहीं देने के आरोप को अलग तरीके से बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर दोस्तों के लिए पार्टी आयोजित की थी।गोविंद तिवारी के मुताबिक, पार्टी रात में आयोजित हुई थी और उसके बिल भी उनके पास मौजूद हैं। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष नगाइच ने बताया कि कानूनी नोटिस प्राप्त हुआ है और उसका जवाब कानूनी तरीके से दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि मामला दो मित्रों के बीच का है और प्राथमिक कोशिश यही रहेगी कि बातचीत और मध्यस्थता के जरिए विवाद को सुलझा लिया जाए।

MP Police Vacancy 2026: पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर और सूबेदार बनने का मौका, जानें आवेदन की तारीख और फीस

नोटिस का जवाब तैयार करने की प्रक्रिया शुरू

वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष नगाइच के अनुसार, उनके जूनियर अधिवक्ता गोविंद तिवारी को जन्मदिन की पार्टी से जुड़े विवाद में नोटिस भेजा गया है। नोटिस में पार्टी नहीं देने का आरोप लगाते हुए क्षतिपूर्ति की मांग की गई है।उन्होंने कहा कि नोटिस के कानूनी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है और नियमानुसार उसका जवाब दिया जाएगा। साथ ही दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद खत्म करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।

विशाल बोले- पहले बातचीत से समाधान की उम्मीद

नोटिस भेजने वाले विशाल सिंह राजपूत का कहना है कि वह कानून की पढ़ाई कर रहे हैं और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में कानूनी बारीकियां सीख रहे हैं।उन्होंने कहा कि मामला मित्रों के बीच का है और उनकी प्राथमिकता भी विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने की है। हालांकि, उनका कहना है कि यदि सात दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो आगे कानूनी कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।

अब नोटिस के जवाब पर टिकी नजर

जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुआ यह अनोखा विवाद अब कानूनी नोटिस तक पहुंच चुका है। एक पक्ष का दावा है कि पार्टी देने का लिखित वादा पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण उसे कथित तौर पर आर्थिक और मानसिक परेशानी हुई। दूसरी ओर, गोविंद तिवारी का कहना है कि जन्मदिन की पार्टी पहले ही आयोजित की जा चुकी है और उसके बिल भी मौजूद हैं।फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पर कायम हैं। अब नजर इस बात पर है कि कानूनी नोटिस का जवाब क्या आता है और क्या यह विवाद आपसी बातचीत एवं मध्यस्थता से सुलझ जाता है या फिर मामला आगे कानूनी प्रक्रिया तक पहुंचता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here