Friday, August 21, 2026
Home Madhya Pradesh MP News: टीकमगढ़ में CM मोहन यादव का दौरा, कुंडेश्वर धाम को...

MP News: टीकमगढ़ में CM मोहन यादव का दौरा, कुंडेश्वर धाम को ‘कुंडेश्वर लोक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा

[Nishaanebaz News] MP News:जमील खान \टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को टीकमगढ़ जिले के दौरे के दौरान विकास, स्वास्थ्य, धार्मिक पर्यटन और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं जिला विकास समिति की बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने महाकाल की तर्ज पर कुंडेश्वर लोक विकसित करने की घोषणा की।

अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला चिकित्सालय के ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर, डॉक्टर चैंबर, लैब के ब्लड सैंपल सेंटर और ट्रॉमा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार करा रहे दो सर्पदंश के मरीजों और एक सड़क हादसे में घायल मरीज से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल में मिल रही उपचार सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के एनआरसी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां भर्ती 19 कुपोषित बच्चों को सेहत की टोकरी वितरित की।

Bhopal News: भोपाल में शक्कर के बढ़ते दाम से मचा हड़कंप, 67 रुपए किलो तक पहुंचा भाव; व्यापारियों ने उठाए बड़े सवाल

महाकाल की तर्ज पर बनेगा ‘कुंडेश्वर लोक’

टीकमगढ़ के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुंडेश्वर धाम को विकसित कर ‘कुंडेश्वर लोक’ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए पर्यटन विभाग व्यवस्थित योजना तैयार करेगा और विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंडेश्वर धाम को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी।

पीतल कारीगरों की कला को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ की पारंपरिक कला और शिल्प को भी बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने जिले के पीतल कारीगरों की कला और हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास करने की बात कही। सरकार का फोकस स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और कारीगरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर रहेगा।

जिले की जरूरतों के आधार पर बनेगी विकास कार्ययोजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकमगढ़ जिले के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रभावशाली नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। जिले की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। जिले की प्रमुख जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

3 हजार करोड़ की इस्पात इकाई से रोजगार की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उद्योग निवेश वर्ष और किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। सागर में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बाद कई उद्योगपतियों ने मध्यप्रदेश में निवेश किया है और कुछ उद्योगों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है।उन्होंने बताया कि निवाड़ी-टीकमगढ़ के बीच करीब 3 हजार करोड़ रुपये की इस्पात उद्योग इकाई शुरू हो चुकी है। इसके अलावा सरकार फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।

ITI और स्किल डेवलपमेंट से युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कुशल श्रमिक तैयार किए जाएंगे। इसके लिए आईटीआई और कौशल विकास संस्थानों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश

प्रेस ब्रीफिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निराश्रित बच्चों को 4 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का सर्वे कराकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समय पर निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने नल-जल योजना, राशन वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं को भी जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Rewa News: रीवा में बारिश थमने के बाद भी बाढ़ का कहर जारी, SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन तेज; हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला

जिला पंचायत CEO को अन्यत्र पदस्थ करने के निर्देश

MP News: मुख्यमंत्री ने बताया कि टीकमगढ़ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। ऐसे में उन्हें अन्यत्र पदस्थ करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री के टीकमगढ़ प्रवास के दौरान जिले की प्रभारी मंत्री एवं पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ कल्याण विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के दौरे में स्वास्थ्य सेवाओं के निरीक्षण से लेकर धार्मिक पर्यटन, उद्योग, रोजगार और सुशासन तक कई मुद्दे केंद्र में रहे। अब कुंडेश्वर लोक की घोषणा के बाद इस परियोजना की विस्तृत योजना और इसके क्रियान्वयन को लेकर आगे की तस्वीर साफ होने का इंतजार है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here