जालंधर : पंजाब के जालंधर शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबोराय की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना मॉडल टाउन क्षेत्र स्थित एक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां ओबोराय रोजाना की तरह सुबह करीब 8:15 बजे मत्था टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
कई गोलियां लगने से हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर थार वाहन में सवार थे और उन्होंने 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। ओबोराय को छाती और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में उनकी कार भी गोलियों से छलनी हो गई।
Read More : आज हो रही ‘परीक्षा पे चर्चा’, PM मोदी विद्यार्थियों से कर रहे सीधा संवाद
पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को सील कर CCTV फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस पुरानी रंजिश, गैंगवार और अन्य आपराधिक एंगल समेत सभी संभावनाओं की गहन जांच कर रही है।
विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस सनसनीखेज हत्या के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
बढ़ती हिंसा से चिंता का माहौल
यह घटना पंजाब में पहले हुई हाई-प्रोफाइल हत्याओं की याद दिलाती है, जिससे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और मामले में जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।













