Land dispute : मऊगंज : नवगठित मऊगंज जिले से ज़मीन विवाद का एक चौंकाने वाला और उग्र वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान महिलाएं, युवतियां, और यहाँ तक कि बुजुर्ग महिलाएं भी हाथों में डंडे लेकर एक-दूसरे से भिड़ती नजर आ रही हैं। वायरल दृश्यों में पत्थरबाजी, गाली-गलौज और छीना-झपटी साफ दिखाई दे रही है, जिसने ज़मीनी विवाद के गंभीर और हिंसक रूप को दर्शाया है।
यह पूरा हिंसक मामला मऊगंज के हनुमना थाना क्षेत्र की हाटा चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम भदौहा का है। घटना के बाद, फरियादी गुलाबकली पटेल पति रामसिया पटेल ने पुलिस में इस संबंध में एक रिपोर्ट दर्ज कराई है।
Land dispute : फरियादी गुलाबकली पटेल के अनुसार, यह विवाद ज़मीन के पुराने मसले को लेकर हुआ था। मामूली बात पर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आक्रोशित हो गए और उनके बीच पत्थर तथा डंडों से हमला होने की स्थिति बन गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान सतानन्द पटेल और शिवमंगल पटेल उनसे भिड़ गए। जब उन्होंने विरोध किया, तो तीन अन्य लोग भी पत्थर लेकर उन पर हमला करने लगे।
Land dispute : गुलाबकली ने बताया कि उनकी चीख-पुकार सुनकर गाँव के अन्य लोग मौके पर जमा हुए और उन्होंने बीच-बचाव किया, तब जाकर यह उग्र मामला शांत हो सका। फरियादी के अनुसार, इस विवाद में उनके दाहिने हाथ और पैर में चोटें आई हैं। पुलिस ने गुलाबकली पटेल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और धारा 115(2) के तहत आगे की जांच शुरू कर दी है।











